अमर उजाला ब्यूरो
बारात देखने निकले 11वीं के छात्र की लाश मंगलवार सुबह पेड़ पर फंदे से लटकी मिली। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया है।
युवक की जेब से सुसाइड नोट मिला है। इसके चलते पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। घटना गिनौरा नंगली गांव में हुई है। सोमवार रात से ही युवक लापता था।
पुलिस के अनुसार गिनौरा नंगली निवासी देवदत्त कश्यप का बेटा बचपन 11वीं कक्षा का छात्र था। सोमवार रात गांव में रामकुमार की बेटी की बारात आई थी। रात आठ बजे बचपन घर से बारात देखने की बात कहकर निकला था।
देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। युवक का मोबाइल नंबर मिलाया तो लगातार घंटी हो रही थी। लेकिन फोन रिसीव नहीं हो रहा था। चिंतित परिजन बचपन की तलाश करते-करते जंगल में पहुंच गए। मंगलवार सुबह उसके फोन की घंटी सुनाई दी।
तभी परिजनों को बचपन की लाश विजयपाल सिंह के बाग में आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटकी हुई मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें याददाश्त कमजोर होने के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी गई है।
शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। जबकि बचपन के पिता देवदत्त का कहना है कि बचपन ने कक्षा दस में 80 फीसदी से अधिक अंक लाया था। 11वीं में पढ़ाई के साथ ही दुकान भी चलाता था।
कैसे मान लें कि याददाश्त कमजोर होने के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया है। शव के पास से एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल और डंडा मिला है। इसके चलते ग्रामीण भी घटना को संदिग्ध मान रहे हैं।