पैदल जा रही एक छात्रा को अगवाकर कार सवार तीन बदमाशों ने गैंगरेप किया और हाईवे पर कांशीराम आवास के पास फेंककर भाग गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेहोशी हालत में छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस जांच कर रही है।बता दे कि अगौता क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय छात्रा एक कालेज में हाईस्कूल की छात्रा है।
परिजनों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब आठ बजे छात्रा कालेज में पढ़ने के लिए पैदल ही जा रही थी। आरोप है कि कालेज पहुंचने से पूर्व ही कार सवार तीन युवकों ने छात्रा को अगवा कर लिया और उसे कार में डालकर बुलंदशहर की ओर ले गए। वहां तीनों युवकों ने छात्रा के साथ गैंगरेप किया और घटना को छुपाने की नियत से आरोपियों ने उसे जहरीले पदार्थ का सेवन करा दिया।
छात्रा की नशे की हालात में होने पर आरोपी बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढमुक्तेश्वर स्टेट हाईवे स्थित कांशीराम आवास के बाहर सड़क किनारे छात्रा को फेंककर औरंगाबाद की ओर भाग गए। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने छात्रा को बेहोश अवस्था में पड़ा देख 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नई मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने छात्रा के बेग से बरामद हुए आईकार्ड से छात्रा का पता जाना। चौकी प्रभारी ने तत्काल एसओ अगौता को फोन कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही एसओ अगौता प्रभात कुमार वर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गये।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किये। जिसमे पीड़िता ने वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों की पहचान की है।पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर दो नामजद आरोपी सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - प्रभात कुमार वर्मा, एसओ अगौता
मामला संज्ञान में है। मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - मानसिंह चौहान, एसपी सिटी