सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में आठ दिन पहले हुई युवक की हत्या के मामले में दो आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। साथ ही आरोपी गवाह और पैरोकारों को धमकी दे रहे हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिवार की महिलाओं ने शनिवार को एसएसपी आवास पर हंगामा किया।
इस दौरान पीड़ित परिवार की महिलाएं बेहोश भी हो गईं। जानकारी के अनुसार एक अप्रैल को सिकंदराबाद के चौधरीबाड़ा स्थित नई बस्ती निवासी शानू पुत्र आस मोहम्मद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
विवेचना के दौरान शानू की हत्या में चार लोगों बबलू, हसमत पुत्र अख्तर, हामिद निवासी बझेड़ा थाना सिकंदराबाद व एक अज्ञात व्यक्ति का नाम सामने आया था। तीन अप्रैल को पुलिस ने आरोपी बबलू व हसमत को दबोच लिया था। तब से हामिद व अन्य भागे हुए हैं।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शानू की मां रहीशा पत्नी आस मोहम्मद 40-50 महिलाओं के साथ एसएसपी आवास पर पहुंची। पीड़ितों का कहना था कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। इसके चलते आरोपी गवाह और पैरोकारों को धमकी दे रहे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने विवेचक से आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में मांग की तो उन्होंने अनसुनी कर दी। एसएसपी आवास पर प्रदर्शन करते समय रहीसा के साथ परिवार की महिलाएं कई बार बेहोश हुईं। उन्हें पानी पिलाकर होश में लाया गया। एसएसपी ने पीड़ित परिवार को जल्द ही भागे हुए आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।