अरनिया क्षेत्र के गांव ऊंचागांव में मंगलवार को खुली बैठक के दौरान गांव निवासी दो पक्षों में मामूली कहासुनी के बाद पहले मारपीट हुई और फिर पथराव शुरू हो गया। दोनों तरफ से छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर झगड़ा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
अरनिया क्षेत्र के ऊंचागांव में मंगलवार को ग्राम पंचायत द्वारा खुली बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में राशन डीलर प्रेमपाल सिंह और ग्राम प्रधान चंद्रप्रकाश में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। ग्रामीणों ने इस दौरान बीच-बचाव कराते हुए मामला शांत करा दिया।
बैठक समाप्त होने के बाद दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामूली विवाद में मारपीट शुरू हो गई। इसके साथ ही पथराव होने लगा। मारपीट में एक पक्ष से राशन डीलर प्रेमपाल और दूसरे पक्ष से प्रधान चंद्रप्रकाश, पत्नी सुमन, भाभी कमलेश, भतीजा जगवीर, लालाराम भी गंभीर रुप से घायल हो गए।