एसएसपी से मिलने जाते पूर्व विधायक।
- फोटो : ब्यूरो
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में आठवीं की छात्रा का 10 दिन पहले गांव के दूसरे समुदाय के युवकों ने अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उत्तराखंड के रानीखेत में ले जाकर कई दिनों तक उसके साथ गैंगरेप किया। बाद में आरोपी शिकारपुर क्षेत्र में फेंककर भाग गए। थाना स्तर से कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे पीड़ित परिवार ने बताया कि 11 अक्तूबर की सुबह उनकी 15 वर्षीय बेटी घर के सामने कूड़ा डालने गई थी। तभी दूसरे संप्रदाय से ताल्लुक रखने वाले गांव के दो युवक उसका अपहरण करके ले गए। आरोप है कि उत्तराखंड के रानीखेत में पांच आरोपियों ने उसके साथ दरिंदगी की।
पकड़े जाने के डर से आरोपी छात्रा को देहरादून ले गए। कई दिन वहां रखने के बाद पुलिस का दबाव बढ़ता देख आरोपी छात्रा को शिकारपुर क्षेत्र में फेंककर फरार हो गए। छात्रा के पिता ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि थाने स्तर से कार्रवाई नहीं की। एसएसपी ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एसएसपी से मिले दो पूर्व विधायक
छात्रा से गैंगरेप के मामले में खुर्जा से रहे पूर्व विधायक अनिल शर्मा और शिकारपुर के पूर्व विधायक मुंशीलाल गौतम शुक्रवार को एसएसपी से मिले और मामले में निष्पक्ष करा जल्द गिरफ्तार करने की अपील की। एसएसपी ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।