नगर कोतवाली में कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज हुई है।
आरोपियों ने जनपद में खाद-बीज की दुकान दिलाने के नाम पर ली सिक्योरिटी हड़प ली। इसके बाद खाद-बीज सप्लाई नहीं किया। सहकारी समिति के जिला प्रबंधक ने समिति के ही चार उच्चाधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रनवीर सिंह निवासी सुशीला विहार द्वितीय ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह किसान बीज सहकारी समिति लि. कानपुर की तरफ से संचालित मेटामैन पावर सोल्यूशन(डिलीवरी विशेष) में जिला प्रबंधक के पद पर कार्यरत था।
किसान बीज सहकारी समिति लि. में दिलीप सिंह पटेल प्रभारी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के पद पर व मनीष कुमार निर्देशक मेटामैन सोलूसन निवासी जिला एटा, धर्म प्रकाश सहायक निदेशक मेटामैन पावर सोलूसन निवासी तहसील रामपुर जिला शिमला हिमाचल प्रदेश, मोहम्मद नदीम स्टेट मैनेजर मेटामैन निवासी ताज बिल्डिंग कवि नगर दिल्ली कार्यरत थे।
रनवीर ने बताया कि उसने इन लोगों के कहने पर जनपद में कंपनी का खाद-बीज व दवाईयां किसानों को बेचने के लिए स्टाफ रखा था। प्रत्येक ब्लॉक व तहसील पर दो-दो दुकानें खुलवाई थीं। उन सभी से सिक्योरिटी के तौर पर रुपये जमा कराकर कंपनी के सभी आरोपियों ने सर्वे कर रनवीर से सिक्योरिटी के रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने न तो दुकानों पर सामान पहुंचाया और न ही सिक्योरिटी वापस की।
इस तरह आरोपियों ने कई दुकानदारों के लाखों रुपये हड़प लिए। पीड़ित का कहना है कि उसने कई बार एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया, पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। नगर कोतवाल राजवर्धन गौड़ ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।