रंगदारी नहीं देने पर परिवार के लोगों को घर में बंधक बनाने और पुलिस मुठभेड़ में वांछित चल रहे शाहनवाज, सलमान, इमरान हाजा पर एसएसपी ने पांच-पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया है। वहीं तीनों पर 15-15 हजार के इनाम के लिए डीआईजी से सिफारिश की है।
बता दें कि पांच लाख की रंगदारी देने से मना करने पर नगर के बर्फ व्यापारी सलीम पुत्र वहीद को परिवार सहित घर में बंधक बनाकर बदमाशों ने मकान पर ताला जड़ दिया था। किसी तरह छत के रास्ते कोतवाली पहुंचे सलीम की शिकायत पर कोतवाल ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर व्यापारी के परिवार को बंधन मुक्त कराया था।
सलीम की तहरीर पर पुलिस ने शाहनवाज, इरशाद, आशिकीन उर्फ पजामा, इमरान हाजा आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि इमरान हाजा, शाहनवाज अभी भी फरार चल रहे है। हाल में शाहनवाज, इमरान हाजा, और सलमान पुलिस मुठभेड़ में फरार हो गए थे।
गद्दीवाड़ा निवासी सलमान पुत्र हनीफ पर कोतवाली में एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। सलमान कोतवाली के टॉप टेन बदमाशों की सूची में शामिल है। कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि एसएसपी वैभव कृष्ण ने शाहनवाज, सलमान, इमरान हाजा पर पांच-पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।