टीएडी पैसेंजर ट्रेन में युवती के साथ सेल्फी लेना एक युवक पर भारी पड़ गया। सेल्फी लेने से नाराज युवती के पिता ने युवक की मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और उसकी धुनाई कर दी।
इस घटना से ट्रेन की बोगी में हड़कंप मच गया। ट्रेन रुकने के बाद सूचना पर पहुंची जीआरपी ने युवक को पकड़ लिया। लेकिन पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं देने पर उसे छोड़ दिया गया।
शनिवार को दिल्ली के शाहदरा निवासी दंपति अपनी बेटी के साथ अलीगढ़ से शादी समारोह में शामिल होकर टूंडला-दिल्ली-अलीगढ़ (टीएडी) पैसेंजर से शाहदरा लौट रहे थे। ट्रेन में अलीगढ़ निवासी युवक भी दंपति के पास बैठा था।
बातचीत के दौरान उसने मोबाइल की कैमरे की खूबियां बताने लगा। लंबी बातचीत के बाद युवक अचानक दंपति की बेटी की बगल में बैठ गया और सेल्फी ले ली। इसपर युवती ने नाराजगी जताकर पिता को यह बात बताई।
इसके बाद गुस्साए युवती के पिता ने युवक का मोबाइल छीनकर पटककर तोड़ दिया। फिर विरोध करने पर युवक की धुनाई शुरू कर दी। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोगों ने बीच-बचाव मामले को शांत कराया।
तभी ट्रेन जंक्शन पर आकर रुकी। सूचना पर जीआरपी पहुंच गई और युवक को पकड़ लिया। लेकिन युवती के पिता की ओर से तहरीर नहीं देने पर आरोपी को छोड़ दिया गया। जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।