खानपुर थाना क्षेत्र के परवाना गांव में सोमवार देर शाम बाइक में पैर मारने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के बाद मारपीट हो गई। बचाव करने आए वृद्ध के सीने में एक आरोपी ने घूंसा मार दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। पीड़ित पक्ष ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे परवाना निवासी सोनू घर से बाइक लेकर निकला था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही एक युवक ने उसकी बाइक में लात मार दी। इस पर दोनों में विवाद हो गया। पास में ही किराना की दुकान करने वाले सोनू के चाचा तेजपाल (60) ने बीच-बचाव का प्रयास किया।
सोनू का कहना है कि आरोपी युवक व उसके भाई ने तेजपाल के सीने में घूंसा मार दिया। जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर गए और नाक से खून बहने लगा। परिजन तेजपाल को प्राइवेट चिकित्सक के यहां लाए। यहां से उन्हें बुलंदशहर के लिए रेफर कर दिया गया। बुलंदशहर के लाइफलाइन हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने तेजपाल को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने युवक और उसके भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए खानपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर स्याना सीओ चितरंजन स्वरूप पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं। वारदात के बाद सभी आरोपी अपने परिजनों समेत भाग गए। पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। सीओ ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।