अपंजीकृत डॉक्टर के गलत उपचार के कारण गर्भवती महिला की मौत हो गई। आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर गुस्साए ग्रामीणों ने थाना घेर लिया।
शव रखकर रात भर पुलिस के खिलाफ हंगामा किया। आरोप है कि पुलिस से आरोपी पक्ष से साठगांठ कर पीड़ित पक्ष पर रात भर समझौते के दबाव बनाया।
हंगामे के चलते पुलिस को आरोपी डाक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ी। पुलिस ने आरोपी डाक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
ग्राम अलीपुरा निवासी कुंदन ने बताया कि उसकी गर्भवती पत्नी रुक्मणी (32वर्ष) की पिछले चार दिनों से तबीयत खराब चल रहीं थी।
रुक्मणी पास के गांव वैलाना में अपंजीकृत डॉक्टर देवू पुत्र श्यौदान से उपचार करा रही थी। आरोप है कि गलत उपचार के कारण मंगलवार को रुक्मणी को ब्लीडिंग होने लगी।
अधिक खून बह जाने के कारण शाम के समय रुक्मणी की मौत हो गई। मतृका के पहले भी तीन बच्चे थे। डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन पुलिस के पास पहुंचे।
पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो गुस्साए ग्रामीणों ने महिला का शव थाने के बाहर रखकर हंगामा कर दिया। मृतका के पति कुंदन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपी डाक्टर से साठगांठ कर रात भर पीड़ित पक्ष पर फैसले का दबाव बनाया।
बावजूद इसके परिजन औ्र ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। कई बार उनकी पुलिसवालों से नोकझोंक हुई। हंगामे के चलते पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ी।
पुलिस ने आरोपी डाक्टर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।