पावर कारपोरेशन में फर्जीवाड़े रुक नहीं रहे हैं। अब स्याना खंड में एक संविदाकर्मी कारपोरेशन के 17 लाख रुपये लेकर फरार हो गया है। इस मामले में बिजलीघर पर तैनात कैशियर टीजीटू की लापरवाही भी उजागर हुई है। एसई ने एक्सईएन स्याना को जांच के निर्देश देते हुए सात दिन के भीतर विभागीय राजस्व जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही टीजीटू के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पावर कारपोरेशन के स्याना खंड में एक बिजलीघर पर तैनात एक टीजीटू को करीब दो साल पहले चार रसीद बुक जारी की गई थीं। टीजीटू ने यह रसीद बुक एक संविदाकर्मी को दे दी।
संविदाकर्मी ने चारों बुक की रसीदें काटकर उपभोक्ताओं के बिल के करीब 17 लाख रुपये लिये लेकिन पावर कारपोरेशन में जमा नहीं कराए। पिछले दिनों डिबाई, बुलंदशहर, खुर्जा और ककोड़ में बिल के घोटालों पर अफसरों ने स्याना के पवसरा बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं के बिलों से कैश का मिलान कराया गया तो मामला उजागर हुआ।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता ने एक्सईएन स्याना को जांच कर आरोपी टीजीटू के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। इसके अलावा एक सप्ताह के के अंदर राजस्व की रिकवरी करने के निर्देश दिए गए हैं।