बिजली अफसरों पर हुए हमले के मामले में जहांगीराबाद पुलिस पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जगह बिजली अफसरों से ही अभद्रता करने का आरोप लगा है।
बिजली अफसरों ने एसएसपी से इस बाबत शिकायत की है। सोमवार को अभियंता संघ का प्रतिनिधिमंडल डीएम-एसएसपी से इसी मुद्दे पर मुलाकात करेगा।
जहांगीराबाद के गांव चचरई में चेकिंग करने गए एसडीओ गौरव कुमार, जेई सचिन कुमार, जेई आरके सिंह, संविदाकर्मी सुमित शर्मा और लाइनमैन शिव कुमार पर हमला कर दिया गया था।
एसडीओ ने फोन कर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई की जगह उल्टे सवाल-जवाब शुरू कर दिए। देर रात तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जगह पुलिस टालमटोल करती रही।
बिजली के उच्चाधिकारियों ने जब एसएसपी को इसकी सूचना दी तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की बात कही, जबकि आरोप है कि पुलिस द्वारा तब तक तहरीर भी नहीं ली गई थी। पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ अभियंता संघ ने मोर्चा खोल दिया है।
अभियंता संघ के उच्च पदाधिकारियों ने एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और पुलिस की कार्यप्रणाली की शिकायत की। अभियंता संघ के पदाधिकारी सोमवार को पूरे मामले में डीएम बी. चंद्रकला और एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव से मिलेंगे।