शादी के बाद ससुराल में जहर देकर मारने का प्रयास किया गया तो पहले से विवाहित प्रेमी के घर सिर्फ प्रताड़ना मिली। अलीगढ़ की रहने वाली महिला के साथ कुछ ऐसा ही वाकया हुआ। क्षुब्ध होकर महिला डेढ़ साल की बेटी को लेकर घर से निकल गई लेकिन प्रेमी से उसका जंक्शन स्टेशन पर विवाद हुआ तो मामला जीआरपी के संज्ञान में आया।
जीआरपी ने महिला के मायके पक्ष को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया। वहीं कोई शिकायत न होने पर जीआरपी ने प्रेमी को भी छोड़ दिया। अलीगढ़ निवासी महिला की शादी चार साल पूर्व गाजियाबाद के साहिबाबाद में हुई। महिला के मुताबिक ससुराल वाले उसे किसी न किसी बात को लेकर आए दिन प्रताड़ित करते रहे।
शादी के एक साल बाद ही उन लोगों ने महिला को जहर दे दिया और मरा हुआ जानकर हिंडन नदी में फेंक आए थे। कुछ लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। 15 दिन बाद अस्पताल में उसे होश आया। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वाले उसे घर ले गए। तीन साल पूर्व वहीं किसी परीक्षा का टेस्ट देकर बस से लौट रही थी।
इसी दौरान बस में जंक्शन निवासी एक व्यक्ति से मुलाकात हुई। दोनों का प्रेम ऐसा परवान चढ़ा कि शादीशुदा होने के बाद भी उसने महिला से शादी कर ली और पहली पत्नी के साथ उसे भी रखा। बाद में पहली पत्नी और प्रेमी दोनों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। क्षुब्द होकर वह डेढ़ साल की बेटी को लेकर घर से निकल पड़ी।
स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने के दौरान ढूढता हुआ प्रेमी भी पहुंच गया। दोनों में विवाद हुआ तो सूचना पर पहुंची जीआरपी ने प्रेमी को हिरासत में ले लिया। महिला के मायके वालों के सुपुर्द कर दिया।