फर्जी दस्तावेज बनवाकर कराया प्लॉट का बैनामा
- फोटो : ब्यूरो
कोतवाली देहात क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज बनवाकर एक प्लॉट का बैनामा करा लिया। प्लॉट की नींव भरवाने गए पीड़ित को इसकी जानकारी हुई। पीड़ित ने दिए रुपये मांगे तो आरोपियों ने मारपीट कर भगा दिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए एसपी सिटी को तहरीर दी है।
नयागांव चांदपुर निवासी गीता सिंह पत्नी नरेश कुमार राना ने एसपी सिटी को दी तहरीर में बताया कि गांव हरतौली निवासी कुछ लोगों ने एक प्लॉट दिलवाया था। उसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये तय हुई थी।
बिचौलिए ने कमीशन के रूप में 20 हजार रुपये भी लिए थे। 2009 में प्लॉट का बैनामा करा लिया था। 28 सितंबर को वह अपने भाई लोकेश कुमार राना, देवर मुकेश कुमार व पति के साथ प्लॉट की नींव भरवाने गई थीं।
जब नींव खुदवानी शुरू की तो पता चला कि प्लॉट विक्रेता और बिचौलिए ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके प्लॉट का दूसरा बैनामा करा लिया है। आरोप है कि जब उसने यह बात आरोपियों को बताई और अपने दिए रुपये मांगे तो उन्होंने हत्या की धमकी देकर भगा दिया।
आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट भी की। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच कराने के बाद ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।