नशीला पदार्थ सुंघाकर नाबालिग छात्रा को अगवा कर 10 दिनों तक गैंगरेप करने के चार आरोपियों में से एक को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। बाकी तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मालूम हो कि 16 नवंबर की शाम ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली कक्षा सात की नाबालिग छात्रा को नगर के चार युवकों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर लिया था।
उन लोगों ने 10 दिनों तक उसे अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उन्होंने उसके साथ कई बार रेप किया। 27 नवंबर उक्त सभी लोग उसे गाजियाबाद में सिकंदराबाद को आने वाली बस में बैठाकर भाग गए। उसने बस में ही किसी का मोबाइल लेकर परिजनों को सूचना दी।
कोतवाल ने बताया कि सूचना पर 27 नवंबर को छात्रा को सुखलालपुर तिराहे से बरामद कर लिया गया। मजिस्ट्रेट के सामने बयानों के आधार पर पुलिस ने नगर निवासी शाहजेब, उबैद, हसन, सलीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी तीन की तलाश की जा रही है।
फुसलाकर युवती को ले गए युवक
सौझना झांया गांव से किशोरी को पड़ोसी युवक बहला-फुसलाकर कर ले गया। पिता ने थाने पर तीन युवकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पांच दिसंबर को पंद्रह वर्षीय कक्षा दस की छात्रा खेतों पर गई थी। काफी देर तक घर न लौटने पर परिवार के लोगों ने उसे तलाश किया तो पता लगा कि वह गांव के गुलशन व गिरधारी के साथ जाती देखी थी।
छात्रा के पिता ने गुलशन के भाई हरेंद्र को घटना बताई। उसने जल्द ही लड़की को बरामद कर घर भेजने की बात कही। तीन दिन बाद भी जब लड़की घर नहीं लौटी तो पिता ने थाने में तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।