कोतवाली क्षेत्र के ढलना गांव के जंगल में नहर किनारे महिला की हत्या कर लाश को माइनर की पुलिया के नीचे जलाने की कोशिश की गई। नहर पटरी पर सुबह दौड़ लगाने निकले युवाओं ने पुलिया के ऊपर खून के निशान देख नीचे झांका तो अधजला शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना पर एसपी देहात जगदीश शर्मा और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे। फिलहाल अधजले शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
बृहस्पतिवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के ढलना गांव के युवक सुबह में दौड़ लगाने के लिए निकले। जब युवक नहर से निकलने वाले धामनी माइनर की पुलिया के ऊपर पहुंचे तो खून के धब्बे दिखाई दिए। पास ही टूटी चूड़ियां, काला चश्मा, चप्पल और अंगूठी आदि सामान पड़ा हुआ था।
संदेह होने पर युवकों ने पुलिया से नीचे झांककर देखा तो महिला की अधजली लाश पड़ी हुई थी। पुलिया के ऊपर खून से सनी एक ईंट भी पड़ी थी। इससे आशंका है कि आरोपियों ने ईंट से ही महिला के सिर पर वार कर हत्या गई है।
पहचान छिपाने के लिए शव को जला दिया गया है। एसएसआई धर्मवीर सिंह ने बताया कि युवती के शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव सुर्खरू निवासी गणेश पाल पुत्र श्रीराम की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।