कलाखुरी गांव में बाबा भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने के बाद दलित समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस के जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। गांव में एहतियातन के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। ग्रामीणों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
देहात थाना क्षेत्र के गांव कलाखुरी में शनिवार रात असामाजिक तत्वों ने भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़ डाली। रविवार सुबह जब दलित समाज के लोगों ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त देखा मौक्े पर दलित समाज के लोग एकत्रित होने शुरू हो गए। लोगों ने इसके विरोध में हंगामा शुरू दिया।
दलित समाज के लोगाें ने आरोपियों की तलाश कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना पर थाना प्रभारी राजेश कुमार यादव समेत काफी संख्या में पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
गांव में व्याप्त तनाव के चलते फोर्स तैनात कर दी गई है। ग्रामीणों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी है। वहीं थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई श्ुारू कर दी है।