रंगदारी नहीं देने पर 50 हजार के इनामी अन्नी गुर्जर के शूटरों की गोलियों का शिकार बने खल कारोबारी डॉ. अतर सिंह सैनी की मौत पर व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार सुबह लाउडस्पीकर से एलान कर बाजार बंद कराया और सात घंटे तक सदर बाजार चौराहे पर धरना देकर व्यापारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
सीओ ने सात दिन में प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत किया लेकिन शाम को कारोबारी का शव पहुंचा तो व्यापारियों का गुस्सा फिर फूट गया। व्यापारियों ने कारोबारी का शव सड़क पर रखकर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। किसी तरह पुलिस ने समझाकर आधे घंटे बाद यातायात सुचारु कराया।
बता दें कि बुधवार सुबह आठ बजे पवसरा बस स्टैंड पर तीनों व्यापार मंडलों के अध्यक्षों की व्यापारियों के साथ बैठक हुई। एक घंटे चली पंचायत में बाजार बंद करने का निर्णय लिया गया। बाद में व्यापारियों ने लाउड स्पीकर से बाजार बंद करने का एलान कर जुलूस के रूप में सदर बाजार स्थित मेन चौराहे पर धरने पर बैठ गए।
पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह सिरोही, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सैयद हिमायत अली, चेयरमैन राजकुमार लोधी, कांग्रेस नेता महीपाल सैनी ने कहा कि वारदात के 14 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर विरोध जताया। उनका कहना था कि आए दिन कुख्यात अन्नी गुर्जर के शूटर व्यापारियों से रंगदारी मांगते हैं।
शिकायत के बाद भी पुलिस कार्रवाई नही करती है। सीओ सिटी डॉक्टर धर्मेंद्र यादव तीन बजे धरना दे रहे व्यापारियों के पास पहुंचकर सुरक्षा का आश्वासन दिया और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सात दिन की मोहलत मांगी। इसके बाद व्यापारियों ने धरना खत्म करने का ऐलान किया।
उधर, शाम करीब 4:30 बजे जैसे ही कारोबादी का शव औरंगाबाद पहुंचा तो परिजनों और व्यापारियों का गुस्सा फिर फूट पड़ा। परिजनों ने बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर स्टेट हाईवे स्थित पवसरा तिराहे पर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सीओ ने 7 दिन के भीतर वारदात का खुलासा करने का आश्वासन देकर आधे घंटे बाद जाम खुलवाया।
जुलूस में ये शामिल रहे व्यापारी
बॉबी शर्मा, शिवकुमार गुप्ता, मनोज गुप्ता तीनों व्यापार मंडलों के अध्यक्ष, हेमन्त गुप्ता, भाजपा नेता नरेश तायल, सांसद प्रतिनिधि श्यामलाल लोधी, राजेबाबू अग्रवाल, ललित अग्रवाल, उमेश सिंघल, मासूम अली, जयप्रकाश गुप्ता,आसिफ सैफी, रज्जूमल अग्रवाल, हासिम गुड्डू सैफी, अंकुर अग्रवाल, बजरंगदल नेता रवि सैनी,दीनू अग्रवाल, शहजाद कुरैशी, अतुल शर्मा, राजीव शर्मा, विशाल शर्मा, रोहताश लोधी, शिवसेना नेता प्रवेश लोधी, ओमवीर चौधरी,संजय वर्मा, दिनेश गुर्जर,परमानन्द वर्मा, सुशील अग्रवाल सहित जिलेभर के सैंकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।
क्या था मामला
एक दिसंबर को नई बस्ती निवासी कारोबारी डॉ. अतर सिंह सैनी को बदमाशों ने उनके दुकान पर गोली मार दी थी। इसके बाद उन्हें नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार शाम उनकी मौत हो गई थी। मामले में कारोबारी के पुत्र ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
छावनी बना औरंगाबाद
डॉक्टर अतर सिंह सैनी की हत्या के विरोध में बुधवार को बाजार बंद होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीओ सिटी धर्मेंद्र यादव अगौता, स्याना, खानपुर, नगर कोतवाल और पीएसी के साथ 12 बजे पुलिस चौकी पर पहुंचे और कैंप कर पल-पल की जानकारी लेते रहे।
हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। एक सप्ताह के भीतर आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। - अरविन्द कुमार, इंस्पेक्टर, औरंगाबाद