कोतवाली क्षेत्र में 23 नवंबर से लापता हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर की शनिवार देर शाम काली नदी में लाश मिली। हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या की गई थी। वह करीब दस दिन पहले ही हत्या के मामले में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर एक हत्यारोपी और उसके भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
शनिवार देर शाम कुछ युवक महिला थाने के पास काली नदी के किनारे कूड़ा बीन रहे थे। तभी उन्हें काली नदी में लाश के पैर दिखाई दिए। उन्होंने फौरन ही स्थानीय लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस शव की शिनाख्त में जुट गई। शनिवार देर रात शव की शिनाख्त देवीपुरा निवासी मूला उर्फ मूलचंद पुत्र स्व. भगवान दास के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, मूला नगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक मूला की हत्या 23 नवंबर की रात में ही गोली मारकर की गई थी। मृतक की मां शकुंतला देवी ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा करीब दस दिन पहले ही जेल से हत्या के मामले में जमानत पर रिहा होकर आया था।
23 नवंबर की शाम से अचानक लापता हो गया था। मूला की मां शकुंतला देवी ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मूला की लाश मिलने के बाद शकुंतला देवी ने देवीपुरा निवासी पुष्पेंद्र और उसके भाई गंगा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।