पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर आठ वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। वाहन चोरों के पास से पुलिस ने 19 बाइकें भी बरामद की है। पुलिस की इस सफलता पर एसपी गौरव सिंह ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। एक सप्ताह के अंदर कोतवाली पुलिस और
क्राइम ब्रांच ने दूसरे वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है।एसपी के निर्देश पर सीओ कुलपहाड़ विनोद सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। उधर, कुलपहाड़ में उपनिरीक्षक ध्यानसिंह ने पुलिस टीम के साथ लाड़पुर बैरियर के पास चेकिंग अभियान किया। जिसमें चेकिंग से
भाग रहे दो बाइक चालकों को पकड़ने के लिए एसएसआई ध्यानसिंह ने वायरलेस पर सूचना दी। जिस पर कोतवाली प्रभारी महोबा जगदेव प्रसाद, उपनिरीक्षण अनमोल सिंह, महेश कुमार, सुनील कुमार और क्राइम ब्रांच प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, अच्छेलाल, अरुण कुमार और वीरेंद्र
सिंह टीम के साथ रैपुरा तिराहे पहुंच गए और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। जहां पर भूपेंद्र राजपूत निवासी मवइया थाना हरपालपुर जिला छतरपुर मध्यप्रदेश को हीरो हांडा सीडी डीलक्स व वीरेंद्र राजपूत निवासी पवा श्रीनगर को पुलिस ने स्पेलेंडर बाइक के साथ पकड़ लिया। वीरेंद्र के पास से 315 बोर
का तमंचा और कारतूस भी बरामद किए। वीरेंद्र राजपूत गुंडाएक्ट में जिलाबदर भी चल रहा है।पकड़े गए बाइक चोरों ने महोबा की एक बाइक कोतवाली कुलपहाड़ की तीन व थाना चरखारी की दो बाइकें गरौठा जनपद झांसी की एक, जीआरपी कर्वी की एक बाइक, मध्य प्रदेश के जनपद छतरपुर के कस्बा
नौगांव की सात बाइक सहित कुल 19 बाइकें पुलिस ने भूपेंद्र राजपूत की निशानदेही पर बरामद की। साथ ही रामकृपाल निवासी मवइया, मिलन राजपूत ग्राम पवा, वीरेंद्र राजपूत पवा, राघवेंद्र राजपूत पवा, प्रमोद राजपूत हरपालपुर, चंद्रपाल मसूदपुरा सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।