क्षेत्र के गांव एत्मादसराय में सदर सीट से बसपा प्रत्याशी हाजी अलीम खान की कार में 2.20 लाख रुपये मिले। सूचना पर एसपी सिटी और देहात कोतवाल पहुंच गए। बसपा प्रत्याशी के मुताबिक, दो लाख रुपये लोगों से मिले चंदे के हैं। पुलिस बसपा प्रत्याशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पुलिस को विधायक समर्थकों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस से उनकी जमकर नोंकझोंक हुई। बसपा विधायक हाजी अलीम खान सदर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। रविवार शाम करीब 5.30 बजे गांव एत्मादसराय में उनके भाई हाजी यूनुस साथ थे। पुलिस को सूचना मिली कि अलीम की कार में मोटी रकम रखी है।
पुलिस टीम ने उनकी गाड़ियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक गाड़ी में रखे प्लास्टिक के डिब्बे से करीब 2.20 लाख रुपये मिले। रुपये मिलते ही अलीम समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया।
तनाव को देखते हुए एसपी सिटी मान सिंह चौहान अर्द्धसैनिक बलों के साथ मौके पर पहुंचे।
विधायक ने एसपी सिटी को बताया कि यह रुपया चंदा का है। एसपी सिटी ने बताया कि बसपा प्रत्याशी से जब जांच के लिए रुपये मांगे तो उन्होंने रुपये देने से इनकार कर दिया। एसपी सिटी ने बताया कि बसपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के तहत एफआईआर की तैयारी की जा रही है।