संदिग्ध हालात में जलकर विवाहिता की मौत।
- फोटो : ब्यूरो
क्षेत्र के गांव रामगढ़ी में आग से जलकर संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मायके पक्ष वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सास को हिरासत में ले लिया है। वही अन्य दो आरोपी फरार हैं। छतारी क्षेत्र के बान गांव निवासी ब्रह्मपाल ने अपनी बेटी विनीता की शादी जंक्शन चौकी क्षेत्र के गांव रामगढ़ी निवासी भोला पुत्र स्व. बाबूराम जाटव से की थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग कर उसे परेशान करते थे। आरोप है कि बुधवार रात ससुरालियों ने उनकी बेटी विनीता पर मिट्टी का तेल छिड़ककर जलाकर मार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति भोला, नंदोई रबुपुरा निवासी पूरन और सास शांति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं ग्रामीणों की माने तो किसी बात को लेकर विनीता का पति से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली।
चौकी प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर सास को गिरफ्तार कर लिया है अन्य दो आरोपी फरार हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच की जा रही है।