पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर अपने पति की हत्या करा दी। पति पत्नी को लेने के लिए ससुराल गया था। पुलिस पूछताछ में पत्नी ने अपना गुनाह कबूल किया है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी, प्रेमी सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीएम और सीओ ने मौका मुआयना किया।
नगर के मोहल्ला रिसालदारान निवासी सरफराज (32) पुत्र उस्मान बसों में चने बेचता था। सात साल पहले सरफराज की शादी ककोड़ के गांव बीघेपुर में दरखशां पुत्री सगीर से हुई थी। शादी के बाद दरखशां का परिवार दिल्ली में रहने लगा। बताया गया कि 15 दिन पूर्व दरखशां दिल्ली मायके गई थी।
सोमवार को उसने सरफाज को फोनकर ले जाने के लिए दिल्ली बुलाया था। मंगलवार को दरखशां तो ससुराल पहुंच गई, लेकिन सरफराज नहीं पहुंचा। परिजनों के पूछने पर दरखशां ने कोई ठोस जवाब नहीं दिया। संदेह होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
शक के आधार पर बुधवार को पुलिस ने दरखशां से पूछताछ की तो परत दर परत सारी हकीकत खुल गई। इंस्पेक्टर वीके मिश्र ने बताया कि दरखशां ने बताया कि शादी से दो साल पूर्व उसका गांव निवासी सतवीर पुत्र वासुदेव से प्रेम-प्रसंग था। शादी के बाद भी वह उससे मिलती रही।
सोमवार को सरफराज जब उसे लेने के लिए दिल्ली आया तो उसने फोन से इसकी जानकारी सतवीर को दी। सतवीर अपनी बुआ के लड़के जारचा निवासी रवि पुत्र रोहताश, दोस्त लुहारली सूरजपुर बीबी नगर निवासी विपिन पुत्र धर्मवीर के साथ दिल्ली पहुंच गया।
मंगलवार को वह और सरफराज रवि की कार से सतवीर व विपिन के साथ सिकंदराबाद के लिए रवाना हुए। रास्ते में उसने नशीला पदार्थ खिलाकर सरफराज को बेहोश कर दिया। सतवीर उसे सिकंदराबाद में छोड़कर सरफराज को लेकर आगे निकल गया।
बृहस्पतिवार को जब पुलिस ने सतवीर से पूछताछ की तो उसने बताया कि सोमवार को उसने रवि, विपिन के साथ मिलकर सरफराज की फावड़े से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। पहचान छिपाने के लिए शव के कपड़े उतारकर जला दिए और शव को नग्न अवस्था में बीघेपुर के जंगल में नाले की पटरी के नीचे गाढ़ दिया।
पुलिस ने सतवीर की निशानदेही पर शव, हत्या में प्रयुक्त कार, फावड़ा बरामद कर लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना पर एसडीम कन्हई सिंह, सीओ यशवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मृतक के चार साल का बेटा रजा और ताऊ के लड़के से गोद ली गई छह साल की आलिया सहित दो बच्चे है।
मृतक सरफराज के पिता की तहरीर पर पत्नी दरखशां, प्रेमी सतवीर, विपिन, रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर लिया है। - वीके मिश्र, इंस्पेक्टर