खाकी का धौंस दिखाकर आवास विकास चौकी इंचार्ज ने बुधवार रात देवीपुरा में हो रहे जागरण को बंद करा दिया। पुलिस ने लाउड स्पीकर को भी जब्त कर लिया। दरोगा की मनमानी से देवीपुरा और हिंदू संगठनों में पुलिस के खिलाफ रोष है। वहीं, एसएसपी ने ऐसे किसी तरह के आदेश देने से इंकार किया है।
बुधवार रात देवीपुरा में जागरण चल रहा था। श्रद्धालुओं ने बताया कि रात करीब 12 बजे आवास विकास चौकी प्रभारी विनोद यादव पुलिस टीम के साथ पहुंचे। दरोगा ने कहा कि एसएसपी को लाउड स्पीकर की तेज आवाज से परेशानी हो रही है। श्रद्धालु आवाज कम कर जागरण कराने पर राजी हो गए।
लेकिन दरोगा ने लाउड स्पीकर को जब्त कर लिया। बृहस्पतिवार सुबह जागरण बिना साउंड के संपन्न हुआ। दोपहर मामला एसपी सिटी के संज्ञान में आया तो उन्होंने दरोगा को खूब फटकार लगाई। वहीं, एसएसपी सोनिया सिंह ने बताया कि उन्होंने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया था। दरोगा ने जागरण रुकवाया है तो जांच कराई जाएगी।
दरोगा विनोद यादव ने बताया कि एसएसपी के आवास से आदेश मिलने के बाद जागरण में लगे लाउड स्पीकर की आवाज कम कराने पहुंचा था। जिसके बाद साउंड को जब्त किया गया।