खुर्जा रोड पर शुक्रवार अपराह्न करीब चार बजे पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। आमने-सामने की फायरिंग में पुलिस की गोली से हिस्ट्रीशीटर दुर्गेश जौली घायल हो गया। उसने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बदमाशों की गोली से दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए। शातिर दुर्गेश को गोली लगने पर साथी बदमाश कार से फेंककर भाग गए थे। दुर्गेश जौली को कासना जेल में बंद बदमाश राजीव जौली का गुर्गा है।
25 मई को दुर्गेश ने पांच लाख की रंगदारी नहीं देने पर सिकंदराबाद के व्यापारी को गोली मारी थी। मुठभेड़ की सूचना पर डीआईजी और एसएसपी समेत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 25 मई को पांच लाख की रंगदारी न देने पर कार सवार बदमाशों ने जेवर अड्डे पर किराना व्यापारी मनोज कुमार को गोली मारी थी। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान जौली निवासी दुर्गुेश, सतवीर , ज्ञानचंद आदि के रूप में हुई थी।
पुलिस ने चार नामजद एवं एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस सर्विलांस और मुखबिर के आधार पर दुर्गेश इनकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली की दुर्गेश साथियों के साथ कार से खुर्जा रोड से जा रहा है।
इस पर कोतवाल सिकंदाबाद जितेंद्र कुमार ने एसआई अनिल कुमार, शोकेंद्र सिंह, सिपाही आकाश नेहरा, रवि, शाहिद, राहुल, सीतम, अरूण, महेश यादव की टीम के साथ कार सवार बदमाशों का पीछा किया। गांव प्रानगढ़ के जंगल में बदमाशों ने खुद को पुलिस से घिरा देख पुलिस जीप पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी फॉयरिंग की। थोड़े आगे जाकर बदमाश अपने एक गोली लगे साथी को रोड पर फेंककर भाग गए। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डीआईजी ने बताया कि मृतक बदमाश की पहचान जौली गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर दुर्गेश जौली के रूप में हुई।
मुठभेड़ में सिपाही आकाश नेहरा और रवि भी घायल हुए हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसएसपी वैभव कृष्ण,एसपी देहात, सीओ, सिकंदराबाद धमेंद्र कुमार, सीओ गुलावठी चंद्रधर गौड़, सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची।
पुलिस कार से फरार हुए बदमाशों की तलाश कर रही है। आसपास के जनपदों की पुलिस को मेसेज फ्लैस कर दिया गया है। पुलिस छावनी में बदला सिकंदराबाद क्षेत्र ः हिस्ट्री शीटर दुर्गेश के पुलिस मुठभेड़ में ढेर होने के बाद सिकंदराबाद क्षेत्र को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया।
पुलिस मृतक के साथियों की तलाश में जुटी है। वहीं मुठभेड़ में कुख्यात की मौत के बाद किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए सिकंदराबाद में पीएसी, आरपीएफ, सहित भारी पुलिस बल तैनात है।