रिजर्व पुलिस लाइन ही जब सुरक्षित न हो तो बाकी क्षेत्र में कानून व्यवस्था कैसी होगी, अंदाजा लगाया जा सकता है। चोरों ने पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोलते हुए पुलिस लाइन में ही धावा बोल दिया। कोर्ट की सुरक्षा में तैनात सिपाही का घर खंगाल कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित सिपाही ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
कोर्ट सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल योगेंद्र सिंह पुलिस लाइन में क्यू-268 क्वार्टर में रहता है। उसने कोतवाली में दी तहरीर में बताया है कि वह छुट्टी पर परिवार समेत अपने घर गया था। 15 दिसंबर को सुबह सात बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उसके क्वार्टर का दरवाजा खुला हुआ है।
वापस आने पर पता चला कि उसके आवास में सेफ में रखे एक जोड़ी कानों के टॉप्स, एक जोड़ी कुंडल (हार के साथ के), एक जोड़ी कुंडल, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी पाजेब चांदी तथा तीन चांदी के सिक्के गायब हैं। चोरों ने सिपाही के घर से लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। एसपी सिटी मान सिंह चौहान का कहना है कि जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।