लूट की शिकार दरोगा की पत्नी विजय देवी
- फोटो : ब्यूरो
नगर कोतवाली क्षेत्र में कोई सुरक्षित नहीं है। शुक्रवार दोपहर कालाआम चौकी के निकट दो बाइक सवार चार बदमाश दरोगा की पत्नी के 80 हजार रुपये ले भागे। आरोपियों ने स्कूटी की डिग्गी को उखाड़ दिया। वारदात के वक्त महिला अपनी बेटी के साथ दुकान से बैग खरीद रही थी। पीड़िता ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नई मंडी चौकी क्षेत्र के आवास विकास द्वितीय निवासी विजय देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति सुरेंद्र सिंह सीआरपीएफ में दरोगा हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह सिविल लाइन स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा से रुपये निकालने आई थी।
साथ में स्कूटी पर बेटी दीपा थी। दीपा के बीएड में एडमिशन के लिए 80 हजार रुपये खाते से निकाले। रुपये बैग में रखकर स्कूटी की डिग्गी में रख लिए। दोनों मां-बेटी स्कूटी पर बैठकर काला आम की तरफ चल दीं।
चौकी के निकट वह एक दुकान पर बैग देखने लगीं। तभी दो बाइक सवार चार बदमाश आए और स्कूटी की डिग्गी का लॉक तोड़कर 80 हजार रुपये से भरा बैग निकालकर भाग गए। महिला ने शोर मचाया तो एक युवक ने बाइक से बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे भीड़ में गायब हो गए।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।