नगर कोतवाली क्षेत्र में गैस डीलरशिप दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। रुपये मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
कोर्ट के आदेश पर पेट्रो कंपनी के कथित डायरेक्टर समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। रबूपुरा जिला गौतमबुद्धनगर निवासी अतीक खान पुत्र रफीक खान ने तहरीर में बताया कि 25 अगस्त 2013 को उनकी मुलाकात विजय सिंह पुत्र कल्लू सिंह, यामीन पुत्र खचूड़ नंबरदार और आसिफ पुत्र यामीन निवासी जहांगीरपुर जिला गौतमबुद्धनगर से हुई।
तीनों ने बताया कि वह उसे गैस डीलरशिप दिलवा सकते हैं। तीनों ने राम विहार कॉलोनी निवासी मयंक सक्सेना पुत्र बृजमोहन सक्सेना से इस सिलसिले में मुलाकात कराई। मयंक ने खुद को बीएसएफ पेट्रो केमिकल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर बताया।
उसने गैस डीलरशिप दिलाने की एवज में 4.5 लाख रुपये बतौर सिक्योरिटी मनी मांगी। अतीक ने लिखित रूप से 4.5 लाख रुपये मयंक और उसके परिचितों को दे दिए। कुछ माह बाद उसके यहां 1,83,250 रुपये के गैस सिलेंडर आए।
लेकिन इसके बाद माल देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि जब उसने अपने बकाया 2,66,750 रुपये मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
थाना स्तर से सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि मयंक सक्सेना, विजय सिंह, यामीन औ आसिफ के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली गई है।