यह देख निर्माण कार्य कर रहे मजदूर भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद तीन को नामजद करते हुए आठ के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला व तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज की।
पिठला में प्रदेश सरकार की ओर से सौ शैय्या के अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य राजकीय निर्माण निगम की ओर से वर्ष 2009 में शुरू कराया गया। अस्पताल की लागत 17 करोड़ 15 लाख 35 हजार रुपये बताई गई। निर्मित भवन की रंगाई-पुताई का काम चल रहा है।
इसका ठेका निर्माण निगम की ओर से क्षेत्र के ठेकेदार एवं जिला पंचायत सदस्य के पति राजन पाण्डेय को दिया गया है। ठेकेदार राजन के मुताबिक गुरुवार शाम को रंगाई-पुताई के दौैरान तीन लग्जरी वाहनों से पहुंचे असलहाधारियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे दहशत फैल गई। मजदूर व अन्य लोग भाग खड़े हुए। हमलावरों ने मौके पर खड़ी बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। धमकी देते हुए सुलतानपुर की ओर भाग निकले।
हमले में कोई घायल नहीं हुआ। कुमारगंज के प्रभारी शिवाजी सिंह के मुताबिक कुमारगंज निवासी राजन पांडेय की तहरीर पर इनायतनगर क्षेत्र के गांव पलिया लोहानी निवासी भोला सिंह, संजय सिंह, गुड्डू सिंह तथा आठ अन्य के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला व तोड़फोड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि मामला ठेकेदारी के विवाद से जुड़ा है। आरोपियों की गिरफ्तारी व पूछताछ के बाद ही अन्य तथ्य सामने आएंगे।