अवैध संबंधों के शक में पति ने हत्या के बाद पत्नी के शव को घर में फंदे से लटका दिया। आरोपी के दोस्त की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी हत्या की वारदात को आत्महत्या का रूप देकर पुलिस को बरगलाना चाहता था।
बता दें कि पश्चिम बंगाल निवासी जईदुर्रहमान मीट फैक्ट्री में काम करता है। वह कोतवाली क्षेत्र के आपदा नगर में पत्नी के साथ रह रहा था। आसपास के लोगों ने बताया कि अवैध संबंधों के शक में दंपति के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था। 23 मार्च की रात भी दोनों के बीच खूब कहासुनी हुई थी। इसके बाद पति ने पत्नी की हत्या कर फंदे से लटका दिया।
ताकि वारदात को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। इसी बीच आरोपी पति के साथी ने ही वारदात की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, आरोपी जईदुर्रहमान को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी आरके शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है।