हाइटेंशन लाइन का तार टूटने से करेंट की चपेट में आकर एक दुधारू पशु की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गईं। मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को 132 केवीए पावर स्टेशन पहुचंकर जहांगीराबाद-शिकारपुर मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगाया।
सूचना पर पहुंचे जेई मोहम्मद सलमान और जुनैद अली ने पीड़ितों को मौके पर ही 15 हजार रुपये नगद देकर और दस हजार रुपये विभाग से मंजूर कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। रविवार को क्षेत्र के गांव जसैर निवासी भीमसैन के घर के पास हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। इसमें पशु पालक भीमसैन की तीन भैंसें झुलस गईं।
एक भैंस की मौके पर मौत हो गई जबकि दो भैंस गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने नगर स्थित 132 पावर स्टेशन पहुंचकर जहांगीराबाद-शिकारपुर रोड पर जाम लगाकर मुआवजे और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ग्रामीणों को समझाती रही लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।
सूचना पर जिपं सदस्य सुनील चरौरा भी पहुंचे और पीड़ित भैंस पालक के पक्ष में ग्रामीणों संग धरने पर बैठ गए। घटना का मुआयना करने पहुंचे नगर जेई मोहम्मद सलमान और जुनैद अली ने पीड़ितों को मौके पर ही 15 हजार नगद देकर और 10 हजार रुपये विभाग से मंजूर कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।