नगर क्षेत्र के रहने वाले चार युवकों से रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी कर ली गई। कई माह बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो युवकों को ठगी का अहसास हुआ। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ितों ने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला राधानगर निवासी संजीव , विवेक एवं उमेश ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि करीब दो साल पहले वह दिल्ली में पढ़ाई करते थे। इसी दौरान उनकी जान-पहचान दो-तीन लोगों से हुई। कुछ माह साथ रहने के बाद इन लोगों से नजदीकी बढ़ गई। उन लोगों ने अपने परिचितों का रेलवे में उच्च पद पर होना बताया।
साथ ही रेलवे में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। इन युवकों ने अपने परिजनों से बातचीत की उन्हें बुलंदशहर बुलाकर परिजनों से मुलाकात करा दी। दोनों आरोपियों ने रेलवे में टीटी के पद पर नौकरी के नाम पर चार-चार लाख रुपये की बात कही।
17 मई 2016 में दोनों आरोपियों को संजीव के परिजनों ने दो-दो लाख रुपये तथा विवेक एवं उमेश के परिजनों ने डेढ़-डेढ़ लाख रुपये दे दिए। बाकी की राशि को नौकरी लगने के बाद देना तय हुआ। कई माह बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने अपने दिए रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने का झंसा देकर 85 हजार रुपये ठगे
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताकर आजमगढ़ निवासी को दिल्ली एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आरोपी ने इसकी एवज में 85 हजार रुपये भी ठग लिए। नौकरी न लगने पर जब पीड़ित व्यक्ति और उसकी पत्नी ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने धमकी दी।
पीड़िता ने डीआईजी मेरठ रेंज को ट्विटर के माध्यम से तहरीर दी। डीआईजी के निर्देश पर एसएसपी ने मामले में जांच बैठा दी है। कादीपुर थाना जहानागंज जिला आजमगढ़ निवासी नीलम चौहान पत्नी संदीप चौहान ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर के जरिए डीआईजी मेरठ रेंज को भेजी तहरीर में बताया कि उसके पति संदीप कंस्ट्रक्शन में स्टोर कीपर का काम करते थे।
कुछ समय पहले अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खुदादिया निवासी व्यक्ति मिला। उसने खुद को केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई में ऑफिसर के पद पर महिपालपुर एयरपोर्ट दिल्ली में तैनात बताया। आरोपी ने संदीप से कहा कि वह उसकी नौकरी एयरपोर्ट पर लगवा देगा।
आरोपी ने ऑफिस में बैठने का काम बताया और 22 से 25 हजार रुपये के बीच तनख्वाह बताई। आरोपी ने बातों में फंसाकर नौकरी लगवाने के नाम पर 85 हजार रुपये ऐंठ लिए। महिला का आरोप है कि उसके पति को ऑफिस में नौकरी लगवाने के बजाय बैग ढोने पर लगवा दिया।
एक माह बाद तनख्वाह का चेक केवल 9237 रुपये का आया। चेक देखकर परिवार की नींद उड़ गई। महिला ने बताया कि उसने आरोपी के मोबाइल पर फोन किया और सारी बातें रिकॉर्ड कर लीं। इसके बाद आरोपी ने रोज धमकी देना शुरू कर दिया।
महिला ने बताया कि उसने कर्ज लेकर आरोपी को 85 हजार रुपये दिए थे। यदि उसकी मदद नहीं हुई वह दोनों पति-पत्नी अपनी जान दे देंगे। महिला के मुताबिक आरोपी काफी लोगों को लाखों का चूना लगा चुका है।
उसके साथ बुलंदशहर पुलिस के कुछ लोग भी मिले हुए हैं। पीड़िता की शिकायत पर डीआईजी मेरठ रेंज ने तत्काल एसएसपी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।