अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो किसान और दंपति की मौत हो गई। हादसों के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर वाहनों का आवागमन रोक दिया।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अफसरों को भी भीड़ ने दौड़ा लिया। मृतकों के परिजनों को मुआवजे का आश्वासन देकर पुलिस अफसरों ने किसी तरह लोगों को शांत किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव धनौरा निवासी किसान योगेंद्र (54) व रमेशचंद (50) शनिवार सुबह बाइक से सिकंदराबाद आ रहे थे। करीब 10 बजे सिकंदराबाद-जेवर स्टेट हाइवे पर चांगोली मोड़ पर पीछे से आ रहे ट्रॉला चालक ने ओवरटेक करने के दौरान उन्हें कुचल दिया।
गंभीर रूप से घायल योगेंद्र, रमेश चंद की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रॉले की चपेट में आकर राहगीर ग्राम चांगोली जनपद गौतमबुद्धनगर निवासी कुशलबीर भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल को बुलंदशहर अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से भाग निकला। गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए सिकंदराबाद-जेवर स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर एसपी सिटी मान सिंह चौहान, एसडीएम कन्हई सिंह, सीओ यशवीर सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम के मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर हंगामा कर रहे परिजन शांत हुए।
हंगामे के चलते करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। एसओ जनक सिंह चौहान ने बताया कि मृतक योगेंद्र के चचेरे भाई राजू की तहरीर पर ट्रॉला चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
वहीं हंगामे के चलते यातायात बाधित होने के कारण पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा। ककोड़ की ओर से आने वाले वाहनों को चोला स्टेशन, फतेहपुरजादों, निठारी मार्ग से वैर निकाला गया। सिकंदराबाद की ओर से जाने वाले वाहनों को वैर से निठारी चोला स्टेशन के रास्ते निकाला गया।
डिबाई के चौकी क्षेत्र गांव दौलतपुर निवासी देवेंद्र प्रकाश शर्मा (60) पुत्र छीतरमल शर्मा अपनी पत्नी चंद्रकला (55) के साथ शनिवार भोर में करीब तीन बजे भैंसा-बुग्गी से खेत से घर जा रहे थे।
बताया गया कि चंद्रकला बुग्गी के पीछे पैदल चल रही थीं। दिल्ली से बदायूं तेज गति से जा रही रोडवेज बस ने गलत दिशा में आकर बुग्गी में टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र प्रकाश बस के आगे के पहिए के नीचे दब गए।
बुग्गी पलटने से पीछे पैदल चल रही चंद्रकला उसमेें दब र्गइं। पति व पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। भैंस ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। बुग्गी चालक चंद्रपाल उछल कर गड्ढे में जा गिरा।
हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी पर ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने घटना को लेकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने कई बार दौड़ा लिया।
ग्रामीणों ने बस से सवारियों को उतारकर इसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने भीमपुर दौराहे से रूट डायवर्ट कर दिया। जिले के कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। मृतक के दो पुत्री व एक पुत्र विवाहित हैं।
पुत्र धमेंद्र शर्मा भटिंडा में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस ने सुबह साढ़े आठ बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। चौकी इंचार्ज प्रताप सिंह बालियान ने बताया कि मृतक के भतीजे सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बस चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
वहीं घटना के बाद आक्रोशित लोगों द्वारा जाम में फंसी रोडवेज की छह बसों के क्षतिग्रस्त करने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। अतरौली डिपो के चालक विजय कुमार, नरेश शर्मा, रुहेलखंड डिपो के चालक सुधांशु शर्मा, शाहजहांपुर डिपो चालक रमेश चंद्र शर्मा, गणमुक्तेश्वर डिपो चालक अशोक कुमार, साहिबाबाद डिपो चालक मयंक ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।