जिला कारागार के बाहर मुलाकातियों के लंच बॉक्स में सुतली बम की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जेल में बंद कुख्यातों से मिलने आए चार संदिग्धों को जेल के बाहर से हिरासत में ले लिया।
पुलिस को पकड़े गए संदिग्धों के पास से संदिग्ध वस्तु मिली है, लेकिन सुतली बम मिलने की बात से पुलिस इंकार कर रही है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
हाईवे गैंगरेप के बाद जिले की पुलिस खासी अलर्ट हो गई है। पिछले कुछ दिनों से जिला कारागार से आपराधिक गतिविधियों के संचालन की चर्चाएं थीं। सूत्रों के मुताबिक जिला जेल में बंद कई कुख्यात कारागार में बैठ कर ही वारदातों अंजाम दे रहे थे।
इसके लिए कुख्यात अपराधियों ने अपना पूरा नेटवर्क बिछा रखा है। उनके इशारे पर उनके गुर्गे रंगदारी, अपहरण, सुपारी किलिंग जैसी संगीन वारदातों को अंजाम रहे हैं। रविवार दोपहर सीओ सिकंदराबाद और इंस्पेक्टर सिकंदराबाद ने पुलिसबल के साथ अचानक जेल के बाहर बैठे मुलाकातियों की चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर चली गई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पकड़े गए मुलाकातियों के लंच बॉक्स में सुतली बम थे। वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
लंच बॉक्स में सुतली बम की सूचना लोगों में आग की तरह फैल गई। एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने बताया कि चार संदिग्धों को जेल के बाहर से हिरासत में लिया गया है।