मोहल्ला टांडा में सोमवार सुबह हुए डबल मर्डर के बाद अब आरोपी मृतकों के परिजनों को हत्या की धमकी दे रहे हैं। सोमवार रात आए फोन के बाद परिजन और दहशत में आ गए हैं।
मंगलवार दोपहर पीड़ित पक्ष की महिलाओं ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर प्रदर्शन किया। वह हत्यारोपियों को पकड़ने और सुरक्षा की मांग कर रही थी। सोमवार सुबह घर में घुसकर दो सगे भाइयों कमल और रिंकू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। मृतकों के पिता ने दो महिलाओं समेत 11 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
आरोप है कि सोमवार देर शाम मृतकों के पिता प्रेमदास के पास फरार हत्यारोपियों का फोन आया। उसने पीड़ित परिवार पर फैसला करने का दबाव बनाते हुए कहा कि यदि उसने फैसला नहीं किया तो उनके पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
दहशत में डूबा पीड़ित परिवार मोहल्ले के लोगों के साथ मंगलवार दोपहर एसएसपी ऑफिस पहुंचा, प्रदर्शन किया। मृतकों के पिता प्रेमदास ने एसपी सिटी को बताया कि सोमवार शाम उनके मोबाइल पर कॉल आई।
कॉल करने वाले ने फैसला न करने पर बचे परिवार को हत्या करने की धमकी दी। कमल की मां ने कहा कि उसके बेटों की हत्या की असली जिम्मेदार पुलिस है। पिछले एक साल में पुलिस ऑफिस आते-आते उसके पैर घिस गए। लेकिन पुलिस अफसरों ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की।
पिछले चार दिन से ले जा रहे थे सामान
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि घटना के चार दिन पहले से सरन के परिजन घर से सामान ले जाने में लगे हुए थे। जब उनसे सामान ले जाने का कारण पूछा तो वे टाल गए। इसलिए परिजनों को घटना के बारे में पहले से जानकारी थी।
हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने दी दबिश
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि दो महिला समेत तीन नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी जेल में है।
शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने रातभर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं।
मोहल्ले में पसरा सन्नाटा, पुलिस तैनात
घटना के बाद मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग दहशत के चलते घरों से जरूरी काम पर ही निकल रहे हैं। साथ ही दिन ढलने से पहले अपने-अपने घरों में घुस जाते हैं। वहीं पीड़ित परिवार की सुरक्षा में 7-8 पुलिसकर्मी तैनात हैं।
हत्यारोपी पक्ष ने उत्पीड़न का लगाया आरोप
दो भाईयों की हत्या में नामजद लोगों के परिजनों ने पुलिस पर निर्दोष लोगों को हिरासत में लेने का आरोप लगाया है। साउथ एक्स दिल्ली निवासी कुसुम पत्नी पूरन चंद ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि नई मंडी चौकी पुलिस ने सुमन पत्नी ईश्वर, प्रिया पुत्र पप्पू, पूजा पुत्री बॉबी और ललिता पुत्र बॉबी को सोमवार सुबह 10 बजे से अवैध हिरासत में रख रखा है। इनमें से एक की 16 को शादी है।
फोन पर धमकी देने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हत्यारोपियों के पकड़ने जाने तक परिजनों को सुरक्षा दी गई है। मोहल्ले में 7-8 पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया है। जल्द ही हत्यारोपियों को पकड़ लिया जाएगा।-राजेश कुमार, एसपी सिटी