अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम डेयरी संचालक से 1.72 लाख की लूट हुई ही नहीं। पीड़ित ने गोली मारने की वारदात में रिपोर्ट लिखवाते वक्त मनगढ़ंत कहानी बताई ताकि आरोपी पर बकाया उधार वसूला जा सके। इसका खुलासा कर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। उसके साथियों की तलाश की जा रही है।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि शुक्रवार शाम गांव अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में डेयरी संचालक बगसरा निवासी रोहित पुत्र नरेश को गोली मारकर 1.72 लाख रुपये की लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी गांव कोटला निवासी नरेंद्र फौजी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में उसने असलियत बयां कर दी। उसने बताया कि रोहित व साबिर की दूध की डेरी है। साबिर के 8.95 लाख रुपये नरेंद्र फौजी पर उधार हैं। इसके लेकर कई बार झगड़ा भी हो चुका है। शुक्रवार शाम रोहित के साथ साबिर बाइक से 1.72 लाख रुपये जिरौली स्टेट बैंक में जमा करने गया।
जहां सर्वर ठप होने की वजह से साबिर रोहित के साथ बैंक में बिना रुपया जमा किए ही बगसरा गांव लौट रहे थे। गांव जिरौली-कोटला के बीच बाइक पर नरेंद्र फौजी वे उसके समेत चार लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट के बाद साबिर के पैर में गोली मारकर फरार हो गए।
एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि नरेंद्र फौजी को गिरफ्तार कर जब पूछा तो बताया कि उस पर साबिर व रोहित के कई लाख रुपये उधार हैं, जिसके लिए साबिर दबाव बना रहा था। उसने साबिर को गोली मारी थी लेकिन कोई लूट नहीं की थी।
वहीं वादी रोहित ने पुलिस को बताया कि साबिर ने लूट इसलिए लिखवाई थी ताकि नरेंद्र फौजी दबाव में आकर रुपये लौटा दे। पुलिस ने नरेंद्र फौजी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।