खनन माफियाओं पर डीएम शुभ्रा सक्सेना ने नकेल डालनी शुरू कर दी है। स्याना तहसील क्षेत्र में डीएम के आदेश के क्रम में एसडीएम ने तीन खनन माफियाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसडीएम ने अवैध खनन में शामिल तीन वाहनों को भी सीज कर दिया है।
रेवेन्यू की प्राप्ति सामान्य से कम होने पर अवैध खनन को लेकर पिछले दिनों डीएम शुभ्रा सक्सेना ने सभी एसडीएम के पेच कसे थे। इसी क्रम में एसडीएम स्याना ने बसी बांगर और मावी की मढै़या में अवैध बालू खनन करते उमेश, दिनेश और सतवीर को पकड़ लिया था।
यहां तीन वाहन एसडीएम ने सीज किए। एसडीएम ने उमेश, दिनेश और सतवीर के खिलाफ थाना नरसैना में अवैध खनन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। एसडीएम ने अवैध खनन की रिपोर्ट एडीएम वित्त के पास भेज दी है।
एडीएम वित्त ने डीएम के सामने फाइल प्रस्तुत की है। बता दें कि नई व्यवस्था के तहत शासन ने अवैध खनन पकड़े जाने पर खनन माफियाओं पर पांच लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान किया है।