पीएनबी में युवक को कैश देने से मना करने पर हंगामा हो गया। आरोप है कि प्रबंधक समेत बैंक कर्मियों ने ग्राहक के साथ मारपीट की। बैंक कर्मचारियों ने युवक पर अपने साथियों के साथ तोड़फोड़ और 60 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है। हंगामे की सूचना पर सीओ बैंक में पहुंचे। दोनों तरफ से एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है।
कस्बे के गांधी नगर निवासी विजेंद्र सिंह लोधी का आरोप है कि उनका बेटा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तीन हजार रुपये का चेक लेकर पीएनबी शाखा पर आया था। काउंटर पर लाइन में लगने के बाद जब उसका नंबर आया तो काउंटर पर मौजूद बैंक कर्मी ने चेक अपने पास रख लिया और कैश देने से मना कर दिया।
आरोप है कि बैंक कर्मी चेक देने के बहाने विजेंद्र लोधी के बेटे को प्रबंधक के कमरे में ले गए और लाठी-डंडे तथा नल के हत्थे से हमला बोल दिया। बैंक कर्मचारी अंकित और बैंक प्रबंधक अशोक निगम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कैश निकालने आए युवक ने लाइन से हटकर चेक का भुगतान करने की बात कही।
मना करने पर उसने गाली गलौच और जान से मारने की धमकी दी। काफी समझाने के बाद भी वह नहीं माना। आरोप है कि युवक के फोन करने पर उसके पिता अन्य लोगों के साथ बैंक पहुंचे और तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उन लोगों ने कैश काउंटर में रखे 60 हजार रुपये लूट लिए।
हंगामे की सूचना पर सीओ विजय प्रकाश, सीओ डिबाई दिनेश कुमार शर्मा आदि पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया। सीओ ने बताया कि मामले में दोनों तरफ से दी गई तहरीर के आधार कार्रवाई की जा रही है।