छेड़छाड़ के आरोप में लाए गए 70 वर्षीय बुजुर्ग की पुलिस चौकी में मौत हो गई। परिजनों ने बुजुर्ग की मौत पुलिस की पिटाई से होने का आरोप लगाया है। चौकी इंचार्ज ने मामले को रफा-दफा करने के लिए शव परिजनों को सौंप दिया।
शव लेकर परिजन एसएसपी के पास पहुंचे तो पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं इंस्पेक्टर खुर्जा का कहना है कि बुजुर्ग की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। ढांकर निवासी ओमप्रकाश (70) उर्फ ओमी कपड़ा आयरन करते थे। बेटे मनोज ने बताया कि पिता ओमप्रकाश ने एक व्यक्ति को 50 हजार रुपये उधार दिए थे।
कई बार रुपये मांगने के बाद भी आरोपी रकम नहीं लौटा रहा था। 15 दिन पहले तगादे से गुस्साए आरोपी ने ओम प्रकाश पर अपनी सात वर्षीय बेटी से छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर चौकी पुलिस को तहरीर दे दी थी।
इस मामले में पुलिस शुक्रवार सुबह करीब 8.30 ओमप्रकाश को उठाकर चौकी ले आई। बुजुर्ग की पुत्री सरोज ने बताया कि कुछ देर बाद भाई मनोज को पुलिस ने फोन पर बताया कि उसके पिता की हालत बिगड़ गई है।
जब वह चौकी पहुंचे तो ओमप्रकाश बेहोश थे। परिजन उन्हें सिटी स्टेशन स्थित निजी क्लीनिक में ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का मन नहीं माना और वह बुजुर्ग को लेकर कैलाश अस्पताल में ले गए। वहां भी उन्हें मृत घोषित कर दिया।