केसरीबाड़ा मोहल्ले में रविवार शाम हथियारबंद दो बदमाशों ने रेस्टोरेंट में खाना खाते समय कचहरी शूटआउट के आरोपी रहे सतीश को गोलियों से भून डाला।
सतीश हसनपुर जागीर का रहने वाला था। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोर्स्टमाटम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि केसरीबाड़ा मोहल्ला में हरिओम सिंघल का ‘द नेचुरल स्पाइस’ नाम से रेस्टोरेंट है। रविवार शाम करीब 5.30 बजे एक युवक रेस्टोरेंट में पहुंचा था।
उसने साउथ इंडियन डिस ऑर्डर कर एक मेज पर खाना खा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करीब 6 बजे दो हथियारबंद बदमाश रेस्टोरेंट के अंदर दाखिल हुए। उनमें से एक बदमाश दरवाजे पर खड़ा हो गया।
जबकि दूसरे ने अंदर घुसकर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अंधाधुंध गोलियों की आवाज सुनकर मोहल्ले में भगदड़ मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी हवा में फायरिंग करते हुए पैदल भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान हजसपुर जागीर निवासी सतीश के रूप में की गई।
सीओ सिकंदराबाद चंद्रधर गौड़ ने बताया कि युवक को तीन गोली सीने में और एक गोली सिर में लगी है। युवक की जेब से मोबाइल और पर्स मिला है। पुलिस ने मोबाइल के जरिए युवक की शिनाख्त कर ली है।