कोर्ट में तारीख पर आए मां-बेटे की बीच बाजार लाठी-डंडों से पिटाई की गई। किसी तरह राहगीरों ने मां-बेटे को आरोपियों से बचाया। पिटाई के बाद हमलावर आसानी से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दनकौर निवासी जावेद पुत्र जैनुद्दीन अपनी मां साबरा के साथ जिला सत्र एवं न्यायालय आया था। जावेद ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसका निकाह दनकौर के एक गांव निवासी युवती के साथ हुआ था। दोनों पक्षों के बीच पिछले ढाई साल से विवाद चल रहा है, जिसका मुकदमा जिला एवं सत्र न्यायालय में चल रहा है।
विज्ञापन
सोमवार को जावेद और उसकी मां कोर्ट परिसर आए थे। कोर्ट से वह अपने घर करीब चार बजे वापस लौट रहे थे कि कुछ हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। कचहरी रोड पर जावेद और उसकी मां की लाठी-डंडों से पिटाई की गई। राहगीरों ने जैसे-तैसे मां-बेटे को हमलावरों से बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
आरोपिया की तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। कोतवाली प्रभारी आरके शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश हो रही है।