ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में श्रद्धालुओं से भरी एक कैंटर पलट गई। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, वहीं करीब 12 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौतमबुद्ध नगर के गांव डाढा, डाबरा के लोग सोमवार रात कैंटर मे सवार होकर गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। अल सुबह करीब तीन बजे दनकौर रोड शिवाजी नगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में कैंटर पलट गई।
कैंटर पलटने से उसमें सवार कमलेश (38) पत्नी विजयपाल, शिवानी (16) पुत्री विजयपाल, रमेश, मिथलेश, अभिषेक, प्रियंका सहित अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
एसएसआई शैलेश त्यागी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, कमलेश की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कैंटर व ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। वहीं फरार हुए ट्रैक्टर चालक को भी काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
दुर्घटना में घायल पिता की उपचार के दौरान मौत
ट्रोले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल बेटे की मौत के दो घंटे बाद पिता की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। पिता-पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार को आढा गांव निवासी अजीत यादव अपने पिता राजपाल यादव को लेकर गाजियाबाद दवा दिलाने गया था।
बताया जाता है कि सायं पांच बजे वह अपने पिता को लेकर बाइक से गांव लौट रहा था। औद्योगिक क्षेत्र स्थित सर्विस रोड पर श्री जी सीमेंट फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार ट्रोला ने बाइक सवारों को रौंद दिया। इसमें बाइक सवार पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया।
हालत गंभीर होने पर बाप-बेटे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अजीत को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया था। मृतक राजपाल के भाई भूले सिंह ने बताया कि उपचार के दौरान सोमवार की रात्रि में राजपाल की भी मृत्यु हो गई। भूले सिंह ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एंबुलेंस व कार की टक्कर में पांच घायल
ग्राम बरौली वासुदेवपुर स्थित पेट्रोल पम्प के समीप मंगलवार को प्राईवेट एंबुलेंस व ईको वैन गाड़ी की टक्कर हो गई। इसमें दोनों वाहनों में सवार पांच लोगों को मामूली चोंटे आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों वाहन में सवार लोग अपने-अपने रास्ते चले गए। बताया जाता है कि एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि घटना स्थल पर कोई मिला नहीं।