चौकी क्षेत्र के गांव पचौता में खनन के बाद लौट रही जेसीबी ने एक किसान की 10 बीघा गेहूं की फसल नष्ट कर दी। विरोध करने पर माफियाओं ने किसान के साथ मारपीट की।
सूचना पर पहुंची पुलिस से भी माफियाओं ने हाथापाई की। बाद में बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिसकर्मियों को देख माफिया भाग गए। पुलिस ने जेसीबी चालक को हिरासत में लेकर जेसीबी को कब्जे में ले लिया है।
पचौता गांव निवासी प्रवीन पुत्र रघुनंदन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार रात एक जेसीबी मशीन क्षेत्र में खनन कर रही थी। वहां से लौटते समय चालक ने उसके 10 बीघा गेहूं की फसल में जेसीबी घुसा दी। आगे रास्ता न मिलने पर चालक ने मशीन को घुमा लिया।
इसके चलते उसकी कई बीघा फसल नष्ट हो गई। सूचना पर पीड़ित किसान मौके पर पहुंचा, उसने विरोध किया तो माफियाओं ने उसके साथ मारपीट की। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक माफियाओं ने पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई की।
बाद में और पुलिसकर्मियों के आने पर भाग गए। देहात कोतवाल रामसेन सिंह ने बताया कि जेसीबी को कब्जे में लेकर चालक रजा मोहम्मद पुत्र रफीक निवासी गांव तिलका जोखाबाद को हिरासत में लिया गया है। एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है।