क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में करीब दो सप्ताह पूर्व आग लगने के बाद फटे ट्रांसफार्मर से झुलसी मां की मौत के बाद मासूम बेटी ने भी मंगलवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मासूम का अलीगढ़ में इलाज चल रहा था। गौरतलब हो कि वाजिदपुर गांव निवासी असगर के घर के पास 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है।
20 जनवरी की सुबह करीब 10.30 बजे असगर की पत्नी आसमा नलकूप पर कपड़े साफ कर रही थी। उसकी तीन वर्षीय बच्ची उमेरा भी पास में खेल रही थी। इसी दौरान अचानक आग लगने से ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया था, जिसमें आसमा और उमेरा बुरी तरह झुलस गई थीं। मंगलवार तड़के मासूम बच्ची उमेरा ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल युवक ने दम तोड़ा
वैन और टाटा मैजिक की भिड़ंत में घायल एक युवक की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन घायलों को रेफर किया गया है। सोमवार को नगर के छासियानगढ़ी निवासी मुकेश उर्फ भोला पुत्र कमल अपनी वैन में कैंसर पीड़ित कायस्थवाड़ा निवासी मनोज पुत्र बनवारी को दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराने के लिए लेकर जा रहे थे।
वैन में मनोज के अलावा उसके पारिवार के पांच लोग सवार थे। ईदगाह पर गाजियाबाद की ओर से सवारियों को लेकर सिकंदराबाद आ रही टाटा मैजिक और वैन में टक्कर हो गई। हादसे में चंद्रपाल, कलवा, रामवीर, लालाचंद, रोहताश, उदयपाल आदि घायल हो गए।