दहेज नहीं मिलने पर ससुरालियों ने एक विवाहिता पर खौलता दूध फेंक दिया। इससे विवाहिता बुरी तरह झुलस गई।
थाना स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने पति, सास, जेठ और ननदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कृष्णा नगर बुलंदशहर निवासी अनीता शर्मा पुत्री स्व. एपी शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ साल पहले उसकी शादी सुशील शर्मा पुत्र स्व. नत्थू शर्मा, निवासी अतरपुरा जिला हापुड़ से हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली दहेज में सेंट्रो कार और पांच लाख रुपये मांग रहे थे। इसके लिए आए दिन अनीता को प्रताड़ित किया जा रहा था।
इससे अनीता के पिता एपी शर्मा और मां तनाव में रहने लगे। कुछ दिन बाद ही अनीता के माता पिता की मौत हो गई।
इसके बाद भी ससुराल वाले शांत नहीं हुए और अनीता के भाई से दहेज की मांग करने लगे।
कुछ रोज बाद ही अनीता के भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके बाद ससुराल वाले अनीता की बड़ी बहनों से दहेज की मांग करने लगे।
बकौल अनीता 13 अक्तूबर 2015 की शाम करीब 8 बजे ससुरालियों ने उसे बुरी तरह मारापीटा और मुंह पर तकिया रखकर जान से मारने की कोशिश की।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पति सुशील शर्मा, जेठ सुनील कुमार, सास चंद्रवती, जेठ का लड़का गौरव, ननद रेखा शर्मा, ननद अंजलि शर्मा, ननद अंजू शर्मा समस्त निवासीगण अतरपुरा, जिला हापुड़ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की गई है।