गंगागढ़ के ग्रामीणों ने राशन डीलर द्वारा कालाबाजारी कर बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा केरोसिन पकड़ लिया। आपूर्ति निरीक्षक ने राशन डीलर, उसके पति और बेटे के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
14 सितंबर की शाम पहासू विकास खंड के गांव गंगागढ़ के ग्रामीणों द्वारा कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि राशन डीलर एक ड्रम केरोसिन कालाबाजारी कर बाजार में बेचने ले जा रहा है। पुलिस ने कैरोसिन को कब्जे में लेकर उसकी जांच के लिए उच्चाधिकारियों को सूचित किया।
ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए केरोसिन को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की, जिसकी जांच आपूर्ति निरीक्षक दिग्विजय सिंह व आपूर्ति लिपिक मोहम्मद अकमल ने की। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया केरोसिन गांव में वितरण का ही है, जिसे राशन डीलर द्वारा अपने पति व पुत्र के सहयोग से बाजार में बेचने के लिए ले जा रहा था।