चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुख्यात बलराज भाटी गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शूटरों से पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद किए है। पकड़े गए दोनों शूटरों को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को वह एसआई शौकेंद्र सिंह व पुलिस टीम के साथ खुर्जा रोड पर चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान टैंपो में बैठे दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने दोनों युवकों को घेरकर दबोच लिया। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम प्रानगढ़ निवासी लोकेश और अमित बताया हैं और दोनों बलराज भाटी गैंग के शूटर हैं। बलराज भाटी के इशारे पर उन्होंने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस ने शूटरों के पास से इंग्लैंड मेड एक पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद किए है। पुलिस ने बताया कि लोकेश और अमित हत्या समेत कई जघन्य वारदातों में नामजद हैं। अमित पर जनपद मथुरा में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जा चुकी है।