गांव मूढ़ीबकापुर में युवती पर एसिड अटैक का आरोपी बीते दो दिन से पुलिस की हिरासत में था।
मामले की जांच कर रहे एसओ उसे फरार बताते रहे।
बुधवार को इसका पता चलने पर एसपी सिटी ने फटकार लगाई तो शाम को उसकी गिरफ्तारी दिखाकर पुलिस ने जेल भेज दिया।
बता दें कि गांव मूढ़ीबकापुर निवासी हबीब अंसारी की 20 वर्षीय पुत्री रूबीना के चेहरे पर सोते समय गांव के ही एक युवक ने तेजाब डाल दिया था।
इस मामले में पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी।
इस संबंध में मंगलवार शाम एसओ बीएस विसारे ने आरोपी को फरार बताया और उसकी लोकेशन दिल्ली में बताई।
बुधवार सुबह उसके हिरासत में होने का पता चलने पर एसपी सिटी राजेश कुमार ने एसओ औरंगाबाद को जमकर फटकार लगाई।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी को सोमवार शाम ही दबोच लिया गया था।
इस संबंध में एसओ औरंगाबाद ने लापरवाही बरती। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी ने खुद को बताया बेगुनाह
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुद को बेगुनाह बताया।
उसने कहा कि रूबीना ने ही खुद अपने चेहरे पर तेजाब उडे़ला है।
6 माह से मुझसे जबरन शादी करने का दबाव बना रही थी।
करीब एक माह पहले भी रूबीना आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश कर चुकी है।
रूबीना पर तेजाब फेंकने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने खुद को बेगुनाह बताया है। एसओ ने आरोपी के पकड़े जाने की बात छिपाए रखी। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -राजेश कुमार-एसपी सिटी