सिकंदराबाद के सैफानी में हुई घटना पर भाजपाइयों ने आक्रोश जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पीड़ित परिवार के साथ भाजपाइयों ने एसएसपी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की भी मांग की गई।
सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल के नेतृत्व में भाजपाइयों ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल ने कहा कि सिकंदराबाद के सैफानी में चार युवकों द्वारा 12 साल की बच्ची को अगवा किया गया। उसके साथ 10-12 दिन तक अत्याचार होता रहा।
आरोपियों के चंगुल से भागी बच्ची ने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद चारों युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बच्ची के 164 के तहत बयान दर्ज किए गए , लेकिन पुलिस द्वारा अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई।
पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी से मिलने पहुंचे जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। भाजपाइयों ने जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
एसएसपी ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस मौके पर अमित राधव, शरद त्रिवेदी, राजेश खटीक, सतीश चौधरी, किशोर लोधी, संजय माहेश्वरी, डॉ. भ्रूनो भूषण रहे।
कोतवाल से मिलकर गिरफ्तारी की मांग
ट्यूशन जाते समय नशीला पदार्थ सुंघाकर नाबालिग छात्रा को अगवा कर बंधक बनाकर 10 दिन तक गैंग रेप करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपाई कोतवाल से मिले। भाजपाइयों ने चेतावनी दी की यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह कोतवाली का घेराव करेंगे।
नगर अध्यक्ष पिंकी वोहरा, भाजपा किसान मोर्च क्षेत्रिय मंत्री एडवोकेट सतीश गडाना, हेमंत शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे थे। कोतवाल जितेंद्र कुमार का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।