बनबोई गांव के पास वसूली कर लौट रहे फ्यूजन फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन मैनेजर से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर 79 हजार रुपये लूट लिए।
पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काबिंग की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित मैनेजर ने थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार योगेंद्र सिंह गुलावठी स्थित फ्यूजन फाईनेंस कंपनी में कलेक्शन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। रोज की तरह वह बाइक से गांवों से ऋण की वसूली कर लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक बनबोई गांव के पास पहुंची। सुनसान देख बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
इसके बाद तमंचे के बल पर वसूली में मिले 79 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। जब योगेंद्र ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने योगेंद्र की पिटाई कर दी।
बदमाशों के जाने के बाद योगेंद्र ने पुलिस को सूचना दी।